रुपये गिनने में चूका दूल्हा, दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार; सात फेरों के बाद बिना दुल्हन लौटी बरात
छपरा: बिहार के सारण जिले से शादी का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद महज सलामी में मिले रुपये गिनने को लेकर ऐसा विवाद हुआ कि दुल्हन ने ससुराल जाने से ही इनकार कर दिया। सात फेरे लेने के बावजूद दूल्हे को दुल्हन के बिना ही बरात लेकर वापस लौटना पड़ा।
मामला मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। जानकारी के मुताबिक, मकेर थाना क्षेत्र के दादनपुर गांव निवासी वीरेंद्र मांझी के पुत्र राहुल कुमार की शादी 25 नवंबर को मुबारकपुर गांव निवासी शिवरात मांझी की बेटी से तय हुई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बरात लड़की के दरवाजे पहुंची। रात में द्वारपूजा, कन्या निरीक्षण समेत विवाह की सभी रस्में सामान्य तरीके से संपन्न हुईं।
इसी दौरान महिलाओं की ओर से सलामी में दिए गए रुपये गिनने के लिए दूल्हे राहुल कुमार को सौंपे गए। बताया जाता है कि दूल्हा रुपये गिनने में बार-बार गलती कर रहा था। कई बार कोशिश करने के बावजूद वह सही गिनती नहीं कर पाया। दूल्हे की इस परेशानी को देखकर दुल्हन ने उसकी समझने की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए।
दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार
रुपये गिनने में हुई चूक के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दुल्हन ने दूल्हे के साथ ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। दुल्हन के परिजनों ने भी उसके फैसले का समर्थन किया। इसके बाद शादी में दिए गए उपहार और अन्य सामान वापस करने की मांग उठने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
मामले की सूचना मिलने पर डायल 112 और मढ़ौरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय सरपंच और पंचों ने दोनों पक्षों को समझाकर बातचीत कराई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद आपसी सहमति से समझौता हुआ। इसके तहत वर पक्ष को दिए गए उपहार और अन्य सामान वापस कर दिए गए।
आखिरकार शादी की तमाम रस्में पूरी होने और सात फेरे लेने के बावजूद दूल्हे को बिना दुल्हन के ही बरात लेकर वापस लौटना पड़ा।







