इस्कॉन मंदिर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार: कृष्ण जन्मोत्सव के बीच युवाओं को दी जीवन बचाने की 'संजीवनी'
Patna: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजधानी पटना का माहौल भक्तिमय हो उठा। इस खास मौके पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना के प्रसिद्ध इस्कॉन (ISKCON) मंदिर पहुंचे और भगवान श्री कृष्ण के दर्शन कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा हुआ था और पूरा प्रांगण अलौकिक सजावट व 'हरे कृष्णा' के जयकारों से गुंजायमान था।
भक्ति के मंच से सामाजिक संदेश
इस्कॉन मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने वहां मौजूद भारी संख्या में श्रद्धालुओं और विशेषकर युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। मंत्री ने युवाओं से नशा, ड्रग्स और तंबाकू जैसी जानलेवा आदतों से दूर रहने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा, आपकी जिंदगी बेहद कीमती है। नशे की लत न सिर्फ एक व्यक्ति को खत्म करती है, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देती है। भगवान श्री कृष्ण के इस पावन पर्व पर युवा नशे से दूर रहने और एक स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लें।"
श्रद्धालुओं का लगा तांता, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जन्माष्टमी को लेकर इस्कॉन मंदिर में भव्य लाइटिंग और फूलों की सजावट की गई थी। मध्यरात्रि तक भगवान के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे। मंदिर प्रशासन ने मंत्री का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।







