बिहार में अभी दिन में गर्मी, सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास, बारिश के आसार नहीं
बिहार में मौसम का मिजाज फिलहाल स्थिर बना रहेगा। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आज मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। आसमान साफ रहेगा और बादल छाए रहने के आसार भी नहीं हैं।
मौसम विभाग के मासिक पूर्वानुमान के मुताबिक, नवंबर महीने में बिहार का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकता है। इसके चलते लोगों को दिन के समय गर्मी का एहसास होगा, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होती रहेगी।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बिहार के ज्यादातर जिलों में दिन और रात के तापमान के बीच 8 से 12 डिग्री सेल्सियस तक का अंतर रहने की संभावना है। रात और सुबह के समय तापमान में गिरावट के कारण हल्की ठंड का असर बना रहेगा।
राजधानी पटना में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। आज यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
वहीं, 6 और 7 नवंबर को पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। इन दोनों दिनों में सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जबकि दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।
कुल मिलाकर बिहार में फिलहाल दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का दौर जारी रहने वाला है।







