बिहार में गर्मी का कहर: रोहतास में पारा 44°C के करीब, पटना समेत कई जिलों में हीटवेव जैसी स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार साफ आसमान और लगातार चल रही गर्म हवाओं के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रोहतास जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। इसके अलावा बक्सर, कैमूर और शेखपुरा में भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया।
तीन जिलों में लू का अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, बक्सर और शेखपुरा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हीटवेव यानी लू चलने की आशंका जताई गई है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की अपील की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण डिहाइड्रेशन, चक्कर और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। डॉक्टरों ने ज्यादा से ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचने की सलाह दी है।
अगले पांच दिनों तक राहत के आसार कम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले पांच दिनों तक पटना समेत बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहने वाला है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 17 से 21 मई के बीच पटना का अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, राज्य के कुछ पूर्वी जिलों में मौसम बदल सकता है। 18 से 20 मई के बीच भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, अररिया, मुंगेर, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राजधानी पटना में भी हल्के बादल छाए रहने की संभावना बताई गई है।
फिलहाल पूरे बिहार में गर्मी का असर लगातार बढ़ता नजर आ रहा है और लोगों को आने वाले दिनों में भी राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।







