Movie prime

बिहार में हीट वेव जैसे हालात, 52 साल बाद पारा 41 डिग्री पहुंचा, बक्सर-सीवान रहा सबसे गर्म

 

बिहार में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मार्च में ही गर्मी बढ़ने लगी है। राज्य में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चल रही है। बक्सर, खगड़िया, सीवान में लू जैसे हालात हैं।

मौसम विभाग के अनुसार मार्च में 52 साल बाद बिहार का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है।

1973 में डेहरी का तापमान 41.5 तक गया था। गुरुवार को बक्सर सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा। तापमान तेजी से बढ़ेगा। बिहार में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ गया है और हवाओं की दिशा बदल रही है। इसके चलते दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 28 और 29 मार्च को बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। कैमूर, बक्सर, भोजपुर, औरंगाबाद, पटना, रोहतास, सीवान, सारण, नालंदा, नवादा, अरवल, जहानाबाद और बांका जिलों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।

इन जिलों में दिन के समय गर्म हवाएं चलने की भी संभावना है। गर्मी बढ़ेगी, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

गर्मी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की गई है। 5 साल से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों में हीट रिलेटेड इलनेस केस को मैनेज करने के लिए विशेष जागरूकता कैंप भी लगाए जाएंगे। यह जानकारी गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने दी।