बिहार विधानसभा में पुराने साथी आमने-सामने: रामकृपाल और श्याम रजक में तीखी बहस, मंडी मुद्दे पर बढ़ी गरमाहट
दानापुर से भाजपा विधायक और मौजूदा कृषि मंत्री रामकृपाल यादव तथा जदयू विधायक श्याम रजक के बीच बहस फुलवारीशरीफ इलाके में सब्जी मंडी खोलने के सवाल पर शुरू हुई। श्याम रजक ने अपने क्षेत्र हिंदुनी में सब्जी मंडी बनाने की मांग उठाई। जवाब में कृषि मंत्री ने APMC एक्ट के तहत राज्यभर में चल रहे मंडी विकास कार्यों की जानकारी देनी शुरू कर दी।
इस पर श्याम रजक ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र का सवाल पूछा है, पूरे बिहार का ब्योरा नहीं। इस पर मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि सरकार पूरे बिहार को देखकर फैसले लेती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हिंदुनी में नई मंडी नहीं बनेगी, क्योंकि पुनपुन में पहले से सब्जी मंडी मौजूद है।
उधर, सदन में एलजेपी (रामविलास) के दो विधायकों के बीच भी नोकझोंक देखने को मिली। चेनारी के विधायक मुरारी गौतम ने अपने क्षेत्र में दूषित पानी की समस्या उठाई। जवाब में मंत्री संजय सिंह ने कहा कि वहां गाड़ियों के जरिए पानी पहुंचाया जा रहा है।
मुरारी गौतम ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके पास इलाके की तस्वीरें हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि तस्वीरों में पानी सप्लाई होता दिख रहा है। इसी दौरान स्पीकर ने बीच में हस्तक्षेप किया, जिसके बाद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष के नेता भाई वीरेंद्र ने भी आपत्ति दर्ज कराई।
हंगामा बढ़ता देख मंत्री श्रवण कुमार ने सदन से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि सवालों का जवाब दिया जा रहा है, इसलिए धैर्य रखना चाहिए। अंत में मंत्री संजय सिंह ने पूरे मामले की जांच कराने का भरोसा दिया।







