बांका-भागलपुर में भारी बारिश का अलर्ट, पटना में हल्की होगी
बंगाल की खाड़ी में बनी मौसमी गतिविधियों का असर शनिवार को पटना समेत राज्य के कई जिलों में दिखेगा। दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्वी बिहार में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
बांका, भागलपुर और जमुई में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, पटना, नालंदा, जहानाबाद, अरवल, नवादा, गया, शेखपुरा और बेगूसराय में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर-पूर्वी बिहार (पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर प्रमंडल आदि) में 22 नवंबर तक बूंदाबांदी के आसार हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार में मौसम शुष्क रहेगा।
शुक्रवार को पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 27.1 डिग्री, न्यूनतम सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक 18.4 डिग्री रहा। दिन में हल्की सिहरन बढ़ी है, लेकिन रात की ठंड अभी सामान्य से कम है।






