Newshaat_Logo

पटना समेत 7 जिलों में भारी बारिश के आसार, चलेंगी तेज हवाएं

चक्रवाती तूफान अर्नब का असर बिहार के मौसम पर दिखने लगा है। राजधानी समेत कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है।
 
Barish

चक्रवाती तूफान 'अर्नब' ने बुधवार को आंध्र प्रदेश में जमकर तबाही मचाई। यह देर रात करीब 2:17 बजे विशाखापट्टनम और बापटला तट के बीच टकराया। इस दौरान बहुत तेज बारिश के साथ 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। तटीय इलाकों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश हुई। इससे बिजली के सैकड़ों खंभे उड़ गए। कई सड़कें उखड़ गईं। 180 से ज्यादा घर तबाह हो गए। एक पुल ढह गया। पांच लोगों की मौत हो गई। 13 जिलों में 30 हजार से ज्यादा पेड़ गिर गए.

चक्रवाती तूफान अर्नब का असर बिहार के मौसम पर दिखने लगा है। राजधानी समेत कई जिलों में गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को पटना के अलावा गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, शिवहर सीतामढ़ी और वैशाली में भारी बारिश की आशंका है। वहीं, भभुआ और रोहतास में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

 30 को मौसम का प्रभाव उत्तर-पश्चिम बिहार की ओर बढ़ने का अनुमान है। इस दिन पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और पश्चिम चंपारण में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। मौसम विभाग ने अधिकांश हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।