Newshaat_Logo

पटना में आज होगा मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जनः नम आंखों से विदाई देंगे श्रद्धालु, गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए बने आर्टिफिशियल तालाब

शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के समापन के बाद आज पटना में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।
 
Durga

शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के समापन के बाद आज पटना में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। नौ दिनों तक पूजा-अर्चना, भक्ति गीतों और धार्मिक आयोजनों से गुलजार रहे शहर में अब मां दुर्गा की विदाई की तैयारी है। इस दौरान श्रद्धालु नम आंखों से मां को विदाई देंगे और अगले साल फिर आने की कामना करेंगे।

दुर्गा पूजा के अंतिम दिन पूजा पंडालों में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। भक्त मां दुर्गा से सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली और जीवन में शांति की प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं, बंगाली परंपरा के अनुसार कई जगहों पर सिंदूर खेला का आयोजन किया जाएगा। इसमें महिलाएं एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां दुर्गा को विदाई देंगी।

मां की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर पटना नगर निगम ने भी व्यापक तैयारियां की हैं। गंगा को प्रदूषण से बचाने के लिए विभिन्न घाटों पर आर्टिफिशियल तालाब बनाए गए हैं। वहीं, जिन स्थानों पर पहले से तालाब मौजूद हैं, उनकी सफाई और मरम्मत कराई गई है।

विसर्जन के बाद पानी से मूर्तियों के अवशेष और पूजन सामग्री निकालने के लिए अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि घाटों पर स्वच्छता बनी रहे और गंगा को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।

श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नगर निगम ने पाटलिपुत्र अंचल में 30 और अजीमाबाद अंचल में 140 अतिरिक्त मैनपावर लगाए हैं। इसके अलावा प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की तैनाती की जाएगी।

सभी विसर्जन स्थलों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त रोशनी और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रशासन का जोर है कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ गंगा की स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

भक्ति और भावुकता के माहौल के बीच आज पटना में मां दुर्गा को विदाई दी जाएगी।