मुहर्रम पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का संदेश, बोले- इमाम हुसैन की शहादत इंसाफ और इंसानियत की मिसाल
Patna news: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने इस्लामी नववर्ष और मुहर्रम (यौम-ए-आशूरा) के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए हज़रत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की महान कुर्बानियों को नमन किया है।
गुरुवार को जारी अपने संदेश में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन की शहादत सत्य, न्याय, समानता और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कर्बला की घटना केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए त्याग, साहस और सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा है।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि मुहर्रम का पर्व समाज को शांति, करुणा, सहिष्णुता और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द और एकता को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि सभी को मिलकर प्रेम, सद्भाव और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि मुहर्रम का यह पावन अवसर समाज में एकता और सामाजिक समरसता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।







