बिहार लोक भवन में अहम बैठक: चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल सय्यद अता हसनैन से की शिष्टाचार मुलाकात, औद्योगिक विकास को लेकर संवाद
Patna: बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल के नेतृत्व में बिहार के महामहिम राज्यपाल, माननीय लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन से बिहार लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात करने पहुंचा. इस अवसर पर राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई.
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बिहार में कार्यरत उद्योगों की वर्तमान स्थिति, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME) के समक्ष आ रही चुनौतियों तथा औद्योगिक विकास की संभावनाओं से महामहिम राज्यपाल को अवगत कराया. चैम्बर की ओर से बताया गया कि बिहार में मानव संसाधन, कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं, जिन्हें सही नीतिगत सहयोग से और अधिक सशक्त किया जा सकता है.
अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल ने उद्योग जगत की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि बिजली आपूर्ति, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक भूमि की उपलब्धता, बैंकिंग सहयोग, टैक्सेशन प्रक्रियाओं की जटिलता तथा प्रशासनिक अनुमतियों में देरी जैसे मुद्दों का समाधान किया जाना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि यदि ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाया जाए, तो राज्य में घरेलू और बाहरी निवेशकों का विश्वास और मजबूत होगा.
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सुझाव दिया कि युवाओं और नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जाए तथा पारंपरिक उद्योगों के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाए. इसके साथ ही कृषि आधारित और ग्रामीण उद्योगों को बढ़ावा देने से राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं.
महामहिम राज्यपाल सय्यद अता हसनैन ने प्रतिनिधिमंडल से राज्य के उद्योगों की स्थिति को लेकर गहन चर्चा करते हुए उद्योग जगत के अनुभव और सुझावों को गंभीरता से सुना.
उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र आर्थिक विकास में उद्योग और व्यापार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार उद्योग-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है.
उन्होंने आश्वासन दिया कि चैम्बर द्वारा प्रस्तुत सुझावों और मांगों पर संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक कदम उठाने का प्रयास किया जाएगा.
बैठक को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए चैम्बर प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि इस संवाद से बिहार में उद्योग और व्यापार को नई दिशा मिलेगी तथा निवेश और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.







