Newshaat_Logo

बिहार के 91 लाख पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर: 30 मई तक कराएं लाइफ सर्टिफिकेट, नहीं तो अटक सकती है पेंशन

 
बिहार के 91 लाख पेंशनधारियों के लिए जरूरी खबर: 30 मई तक कराएं लाइफ सर्टिफिकेट, नहीं तो अटक सकती है पेंशन

Bihar news: बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है। समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने राज्य के सभी पेंशनधारियों से 30 मई 2026 तक जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) कराने की अपील की है, ताकि पेंशन की राशि बिना किसी बाधा के मिलती रहे।

bihar

पटना में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति और मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में विभाग के अपर मुख्य सचिव एच. आर. श्रीनिवास, निदेशक धर्मेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

91.25 लाख पेंशनधारियों ने कराया प्रमाणीकरण

विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि अब तक 91.25 लाख पेंशनधारियों ने अपना जीवन प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाकी लाभुकों का भी जल्द से जल्द प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

इसके लिए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाने और नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के जरिए मुफ्त जीवन प्रमाणीकरण कराने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है।

किन लोगों को मिलता है योजना का लाभ?

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत राज्य के वृद्ध, दिव्यांग, विधवा, कुष्ठ पीड़ित और भिक्षुक समेत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाती है।

मंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र लाभुक योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए और जरूरतमंद लोगों तक पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

डॉ. श्वेता गुप्ता ने अधिकारियों को योजनाओं की लगातार निगरानी करने और जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए।

मंत्री ने पेंशनधारियों से अपील करते हुए कहा कि वे 30 मई से पहले अपना लाइफ सर्टिफिकेट जरूर बनवा लें, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी न हो।