Newshaat_Logo

वीर जवानों की याद में गयाजी में भागवत कथा, 27 सितंबर से बड़ा आयोजन..2 अक्टूबर को ऐतिहासिक तर्पण यात्रा

Gayaji: भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों की स्मृति में गयाजी में श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किया जाएगा. श्री रघुनंदन जी सेवा समिति की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम शहीद सैनिकों को समर्पित रहेगा.
 
GAYA

धीरज सिन्हा की रिपोर्ट

Gayaji: भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों की स्मृति और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से गयाजी में श्रीमद्भागवत महापुराण साप्ताहिक ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। श्री रघुनंदन जी सेवा समिति की ओर से पितृपक्ष महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाला यह धार्मिक अनुष्ठान पूरी तरह भारतीय सेना के शहीद जवानों को समर्पित रहेगा। कार्यक्रम के दौरान पहली बार शहीद सैनिकों के नाम पर तर्पण यात्रा भी निकाली जाएगी।

vgghb

27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होगा आयोजन

श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन 27 सितंबर से 4 अक्टूबर तक गयाजी शहर स्थित सिंह पेट्रोल पंप, जेल प्रेस कॉलोनी परिसर में किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कथा का मूल पाठ होगा। वहीं, शाम 3:30 बजे से 7:30 बजे तक कथा एवं प्रवचन का आयोजन किया जाएगा।

वृंदावन से आचार्य श्री कृष्ण निलेश शास्त्री गयाजी पहुंचकर श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा सुनाएंगे।

तीन वर्षों से शहीदों की स्मृति में हो रहा आयोजन

सिकड़िया मोड़ स्थित कार्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में थल सेना के धर्म शिक्षक संजीत तिवारी ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्री रघुनंदन जी सेवा समिति पिछले तीन वर्षों से शहीद जवानों की स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन कर रही है। इस वर्ष का आयोजन विशेष रूप से भारतीय सेना के वीर शहीद जवानों को समर्पित किया गया है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य जनकल्याण के साथ-साथ देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन सैनिकों को समर्पित है, लेकिन कथा का आध्यात्मिक लाभ सभी श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को मिलेगा।

गांधी जयंती पर निकलेगी शहीद सैनिकों के नाम तर्पण यात्रा

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन होगा। इस अवसर पर शहीद सैनिकों की स्मृति में विशेष तर्पण यात्रा निकाली जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, यात्रा सिकड़िया मोड़ से पांच नंबर गेट, बाईपास होते हुए सीताकुंड पहुंचेगी। यहां शहीद जवानों की स्मृति में विधिवत तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों का दावा है कि गयाजी में शहीद सैनिकों की स्मृति में इस तरह की तर्पण यात्रा और तर्पण कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

कर्नल विक्रम सिंह भी होंगे शामिल

रघुनंदन सेवा समिति के कोषाध्यक्ष रंजीत कुमार तिवारी ने बताया कि पूरा आयोजन भारतीय सेना के शहीद जवानों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए कर्नल विक्रम सिंह विधिवत अनुष्ठान में शामिल होकर कार्यक्रम को संपन्न कराएंगे।

आयोजकों ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में शामिल होने और शहीद जवानों की स्मृति में आयोजित तर्पण यात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।