Newshaat_Logo

आधी रात ‘महंगाई का धमाका’: LPG सिलेंडर 2000 पार, मिडिल ईस्ट तनाव का सीधा असर जेब पर

 
आधी रात ‘महंगाई का धमाका’: LPG सिलेंडर 2000 पार, मिडिल ईस्ट तनाव का सीधा असर जेब पर
LPG Cylinder: शुरुआती एक अप्रैल की आधी रात ने आम लोगों और कारोबारियों के लिए महंगाई का नया झटका लेकर आई। जैसे ही तारीख बदली, वैसे ही एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बड़ा इजाफा कर दिया गया।

सरकारी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में करीब 195 से 200 रुपये तक की बढ़ोतरी की है। राजधानी दिल्ली में अब इसकी कीमत 2,078.50 रुपये पहुंच गई है, यानी सिलेंडर ने 2000 का आंकड़ा पार कर लिया है। यह लगातार तीसरी बार है जब कमर्शियल गैस महंगी हुई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा कारोबार पर सीधा असर पड़ा है।

हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत दी गई है। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह अभी भी 913 रुपये पर बना हुआ है। लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल गैस महंगी होने का असर खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर जरूर पड़ेगा, जिससे आम जनता पर अप्रत्यक्ष बोझ बढ़ेगा।

इस बढ़ोतरी के पीछे मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव बड़ी वजह माना जा रहा है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते टकराव ने वैश्विक ऊर्जा बाजार को हिला दिया है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण कंपनियों पर दबाव बढ़ा है, जिसका असर अब आम बाजार में दिखने लगा है।

हालांकि पेट्रोल और डीजल के दाम फिलहाल स्थिर हैं, लेकिन संकेत साफ हैं कि महंगाई का दबाव अभी और बढ़ सकता है। ऐसे में सवाल उठता है, क्या यह महंगाई का दौर यहीं थमेगा या आने वाले दिनों में आम आदमी की जेब पर और भारी पड़ेगा?