Newshaat_Logo

Bihar news: 425 थानों की कमान इंस्पेक्टरों के पाले, 217 नए थाने हुए अपग्रेड

 
425 थानों की कमान इंस्पेक्टरों के पाले, 217 नए थाने हुए अपग्रेड

 

Bihar news:,बिहार में कानून-व्यवस्था और अपराध अनुसंधान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है. नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को ध्यान में रखते हुए राज्य के 425 सामान्य श्रेणी के थानों में अब इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को ही थानाध्यक्ष बनाया जाएगा. इस संबंध में पुलिस मुख्यालय ने आदेश जारी कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

अब तक 208 थानों में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी तैनात थे, लेकिन नए आदेश के बाद 217 अतिरिक्त थानों को भी अपग्रेड कर दिया गया है. इन थानों का चयन अपराध की संवेदनशीलता, भौगोलिक क्षेत्र और हर साल दर्ज होने वाले कम से कम 350 मामलों के आधार पर किया गया है.

पुलिस मुख्यालय का मानना है कि भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) के तहत मामलों की जांच और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी पहले से अधिक जटिल हो गई है. ऐसे में अनुभवी इंस्पेक्टरों की तैनाती से गंभीर अपराधों की वैज्ञानिक और समयबद्ध जांच सुनिश्चित हो सकेगी. नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक इंस्पेक्टर थानाध्यक्ष के अधीन दो अलग-अलग इकाइयों में काम करेंगी. एक सब-इंस्पेक्टर अनुसंधान (Investigation) की जिम्मेदारी संभालेगा, जबकि दूसरा कानून-व्यवस्था (Law & Order) की निगरानी करेगा. इससे थानों में कार्यों का बेहतर विभाजन होगा और जांच की गुणवत्ता में सुधार आएगा.

सम्राट चौधरी की अगुवाई वाली सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस बदलाव के लिए नए पद सृजित नहीं किए जाएंगे और न ही सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा. जिलों में पहले से स्वीकृत पद (बल) के आधार पर ही इंस्पेक्टरों की तैनाती की जाएगी. नई व्यवस्था में इंस्पेक्टर थानाध्यक्ष अपने-अपने थानों के पदेन अंचल निरीक्षक भी होंगे. उन्हें अंचल निरीक्षक के सभी अधिकार प्राप्त होंगे, हालांकि उनका अधिकार क्षेत्र केवल संबंधित थाना क्षेत्र तक सीमित रहेगा. पुलिस मुख्यालय ने यह भी साफ कर दिया है कि इन थानों में नियमित रूप से इंस्पेक्टर रैंक से नीचे के किसी अधिकारी को थाना प्रभारी नहीं बनाया जाएगा.