बांका में इंटर परीक्षा 2026 की शुरुआत, पहले दिन बायोलॉजी की परीक्षा, 33 केंद्रों पर 22 हजार छात्र शामिल
Banka news: बांका जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत हो गई है। परीक्षा के पहले दिन सोमवार को बायोलॉजी विषय की परीक्षा आयोजित की जा रही है। जिले में बनाए गए कुल 33 परीक्षा केंद्रों पर करीब 22 हजार परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा का आयोजन 2 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। हालांकि तय कार्यक्रम के अनुसार 4 फरवरी और 8 फरवरी को परीक्षा नहीं होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली हैं।
इंटर परीक्षा दो पालियों में कराई जा रही है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। समय पालन को लेकर प्रशासन सख्त है। पहली पाली के परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक और दूसरी पाली के परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और अन्य निगरानी व्यवस्थाओं से परीक्षा पर नजर रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
रिपोर्ट: दीपक कुमार, बांका







