Newshaat_Logo

बिहार में शुरू हुई शिक्षकों की अंतर-जिला तबादला प्रक्रिया, 41,689 ने किया ऑनलाइन आवेदन

 
बिहार में शुरू हुई शिक्षकों की अंतर-जिला तबादला प्रक्रिया, 41,689 ने किया ऑनलाइन आवेदन

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने लंबे समय से लंबित शिक्षकों के अंतर-जिला स्थानांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए 5 से 13 सितंबर 2025 तक ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर आवेदन लिए गए थे। इस दौरान कुल 41,689 शिक्षकों ने ऑनलाइन आवेदन किया, जिनमें 17,960 महिला शिक्षक और 23,729 पुरुष शिक्षक शामिल हैं।

इतने शिक्षकों ने किया आवेदन

शिक्षा विभाग के आंकड़ों के अनुसार:
    •    नियमित शिक्षक : 617 आवेदन
    •    विशिष्ट शिक्षक : 12,370 आवेदन
    •    विद्यालय अध्यापक (BPSC) : 28,702 आवेदन

कक्षा के आधार पर देखें तो 1 से 5 तक के लिए 17,382 शिक्षक, 6 से 8 के लिए 6,600, 9 से 10 के लिए 8,341 और 11 से 12 तक के लिए 9,366 शिक्षकों ने तबादले के लिए आवेदन किया है।

24,600 शिक्षकों को मिला विकल्प वाला जिला

ट्रांसफर प्रक्रिया में शिक्षकों को तीन जिलों के विकल्प चुनने का मौका दिया गया था। शिक्षा मंत्री के अनुसार लगभग 24,600 शिक्षकों को उनके दिए गए विकल्पों में से किसी एक जिले में भेजा जा रहा है। इनमें 9,900 महिला और 14,700 पुरुष शिक्षक शामिल हैं। खास बात यह है कि दिव्यांग श्रेणी में 92% महिला और 83% पुरुष शिक्षकों को उनकी पसंद का जिला आवंटित किया गया है।

17,000 शिक्षकों को मिलेगा नया मौका

करीब 17,000 शिक्षकों को फिलहाल स्थानांतरण का लाभ नहीं मिल पाया है। वजह यह रही कि उनके चुने हुए जिलों में विषयवार और कक्षावार रिक्तियां उपलब्ध नहीं थीं। अब इन्हें 23 से 28 सितंबर 2025 तक पोर्टल पर दोबारा तीन नए जिले चुनने का अवसर मिलेगा।

विषयवार रिक्तियों के आधार पर होगी तैनाती

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि नए जिलों में शिक्षक आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में बनी समिति छात्र-शिक्षक अनुपात और विषयवार रिक्तियों को देखते हुए शिक्षकों को विद्यालय आवंटित करेगी। विभाग का दावा है कि इस प्रक्रिया से स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता संतुलित होगी और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनेगी।