Newshaat_Logo

SVU से हटाए गए IPS पंकज दराद, बिहार में 12 IPS का ट्रांसफर

 
SVU से हटाए गए IPS पंकज दराद, बिहार में 12 IPS का ट्रांसफर

Bihar news: बिहार सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों और 53 डीएसपी का तबादला कर दिया है. इसके साथ ही आठ डीएसपी को पदोन्नत कर कार्यकारी अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) का प्रभार सौंपा गया है. इस बीच बड़ी खबर यह है कि आईपीएस अधिकारी पंकज दराद (1995) को एसवीयू से स्थानांतरित कर उन्हें अब अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) सह प्रबंध निदेशक के रूप में पुलिस भवन निर्माण निगम की कमान सौंपी गई है. उनकी जगह अब सुधांशु कुमार (1996) को विशेष निगरानी इकाई (SVU) का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है. इस संबंध में गृह विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है. बता दें, बिहार में रिशु श्री मामले की जांच एसवीयू की टीम ही कर रही थी, जिसको पंकज दराद लीड कर रहे थे.

दरअसल विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) और एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (एटीएस) में तैनात आईपीएस अधिकारी पंकज दराद का तबादला कर दिया गया है. अब पंकज दराद को अपर पुलिस महानिदेशक-सह-अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक, बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम, पटना के पद पर भेजा गया है. वहीं, आईपीएस अधिकारी सुधांशु कुमार को विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. इसके अलावा प्रीता वर्मा (1991) को डीजी अग्निशमन सेवा एवं होमगार्ड की जिम्मेदारी दी गई है. पहले ये बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम की अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक थी. इसी तरह निर्मल कुमार आजाद (1994) अपने पुराने पद (पुलिस महानिदेशक, ट्रेनिंग) के साथ-साथ अब पुलिस महानिदेशक, मद्यनिषेध और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (नशा मुक्ति और ड्रग्स कंट्रोल विभाग) का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे.

आईपीएस ऑफिसर सुधांशु कुमार (1996) को ADG, ट्रैफिक (यातायात), पटना बनाया गया है, और साथ में ADG, विशेष निगरानी इकाई का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं अमृत राज (1998) को ADG, आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS), पटना के पद पर तैनात किया गया है. (पहले ये ADG, साइबर क्राइम और सुरक्षा इकाई थे). इसी तरह कासे सुहिता अनुपम (1998) को ADG, विधि-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर) पटना बनाया गया है, और साथ में ADG (कमजोर वर्ग), अपराध अनुसंधान विभाग (CID) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है.

राजेश कुमार (2003) को पुलिस महानिरीक्षक (IG), एस०सी०आर०बी० (स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो), पटना के पद पर भेजा गया है. (पहले ये IG, बिहार मानवाधिकार आयोग में थे). पंकज कुमार राज (2006) को IG, रेलवे, पटना बनाया गया है. (पहले ये IG, एस०सी०आर०बी० थे और रेलवे का अतिरिक्त प्रभार देख रहे थे). एस प्रेमलथा (2006) को IG, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP), पटना के पद पर तैनात किया गया है. (पहले ये IG, मद्यनिषेध और राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो थी).

इधर, आईपीएस गरिमा (2022) को कमांडेंट (समादेष्टा), बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-9, जमालपुर बनाया गया है. (पहले ये SDPO-2, कहलगाँव, भागलपुर थीं). शिवम धाकड़ (2022) को पुलिस अधीक्षक (एसपी) ग्रामीण, मधुबनी के पद पर भेजा गया है. (पहले ये SDPO-1, दानापुर, पटना थे). कोमल मीणा (2023) को SDPO-2, विधि-व्यवस्था (लॉ एंड ऑर्डर), पटना के पद पर तैनात किया गया है. (पहले ये SDPO-1, मसौढ़ी, पटना थी).

बिहार सरकार ने आठ डीएसपी को पदोन्नत कर अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) का कार्यकारी प्रभार दिया है. प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में शिवली नोमानी, राजकिशोर सिंह, मुकुल कुमार रंजन, आशीष आनंद, नुरूल हक, आलोक रंजन, सोनू कुमार राय और उपेंद्र कुमार यादव शामिल हैं. इन अधिकारियों को वेतन स्तर-13 के साथ कार्यकारी प्रभार दिया गया है.

गृह विभाग के आदेश में राज्य के विभिन्न जिलों और इकाइयों में कार्यरत 53 डीएसपी स्तर के अधिकारियों का भी तबादला किया गया है. सरकार का कहना है कि प्रशासनिक जरूरतों और कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सभी स्थानांतरण और पदोन्नति तत्काल प्रभाव से लागू होंगे. संबंधित अधिकारियों को जल्द नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है. सरकार का कहना है कि पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है.