Newshaat_Logo

राबड़ी देवी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले- ‘बिहार के लिए वह काला दिन था’

 
राबड़ी देवी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान, बोले- ‘बिहार के लिए वह काला दिन था’

Bihar political news: बिहार की राजनीति में बयानबाजी का दौर लगातार तेज होता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर दिए गए बयान के बाद अब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लेकर तीखा हमला बोला है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि तेजस्वी यादव को किसी पर टिप्पणी करने से पहले अपने परिवार के राजनीतिक इतिहास को भी याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि “बिहार के लिए वह काला दिन था, जब राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाया गया।”

तेजस्वी के बयान पर पलटवार

दरअसल, तेजस्वी यादव ने हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर टिप्पणी की थी। इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बनाए जाने के समय बिहार में कई अनुभवी और योग्य नेता मौजूद थे, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर सिर्फ परिवारवाद के कारण यह फैसला लिया गया।

परिवारवाद पर भी साधा निशाना

संजय सरावगी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल में फैसले योग्यता के आधार पर नहीं, बल्कि परिवार को ध्यान में रखकर लिए जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव ने पार्टी और राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं को किनारे कर अपनी पत्नी राबड़ी देवी को मुख्यमंत्री बना दिया।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद बिहार की सियासत में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होने की संभावना है। हाल के दिनों में भाजपा और राजद के नेताओं के बीच लगातार तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है।