Movie prime

जयपुर अग्निकांड में 3 बच्चों सहित 5 लोग जिंदा जले, खाना बनाते समय सिलेंडर में आग लगी

 

राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में आज गुरुवार 21 मार्च की सुबह बड़ा हादसा हो गया। वीकेआई रोड नंबर 17 स्थित जेसल्या गांव के एक मकान में आग लगने से 5 लोग जिंदा जल गए। आग लगने की यह घटना सुबह 7:48 बजे की है। बिहार का एक परिवार यहां किराए पर रहकर मजदूरी करके गुजारा कर रहा था। सुबह चाय बनाने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। गैस पूरे घर में फैल चुकी थी। इसलिए पूरे घर में अचानक आग भड़क उठी। इस हादसे में 3 बच्चों सहित कुल 5 लोगों की मौत हो गई।

ACP अशोक चौहान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम 7.40 मिनट पर मौके पर पहुंच गई थी। घर में सिलेंडर जलता हुआ मिला था और कमरे का गेट ब्लॉक था।

फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाकर जले हुए शवों को बाहर निकाला। हादसे में राजेश (26), उसकी पत्नी रूबी (24), ईशु (7), दिलखुश (2) और खुशमानी (4) की मौत हो गई थी। परिवार मोतिहारी (बिहार) का था और यहां किराए पर रहता था।

ACP ने बताया कि सिलेंडर के रेगुलेटर के पैनल से आग निकली थी, जिससे कमरे में आग फैल गई। राजेश आग से बचने के लिए कमरे के कोने में बैठ गया, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।

पड़ोस में रहने वाले अर्जुन ने बताया कि राजेश ने सुबह ही सिलेंडर बदलकर खाना बनाने के लिए रेगुलेटर लगाया था। रेगुलेटर शायद सही ढंग से नहीं लगा होगा। इसके कारण लीकेज हो गया और आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे कमरे में फैल गई। घटना के बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया था।