Movie prime

जनता दरबार: CM को मिली पुलिस और प्रशासन से जुड़ी कई शिकायतें

 

आज जनता दरबार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार फरियादियों की शिकायत सुन रहे हैं। राज्य के विभिन्न जिलों से लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे हैं। इस कड़ी में हाजीपुर जिले से आये एक शख्स ने पुलिसवालों की करतूत की शिकायत की। जनता दरबार में आये व्यक्ति ने कहा कि सदर थाना ने उसका गोदाम दिनदहाड़े लुटवा दिया। 

बिहार के वैशाली जिले से आये फरियादी ने कहा कि नगर थाना अंतगर्त गोदरेज का उसका एक गोदाम था। जिसे पुलिसवालों ने लुटवा दिया। दिनदहाड़े गोदाम का ताला काटा गया। सारे सामान बिखेर दिए गए। लाखों रुपये का नुकसान हुआ। नगर थाना के अधिकारी और कर्मी जिले के एसपी की भी बात नहीं सुनते। फरियादी की शिकायत सुनकर मुख्यमंत्री ने उसे अपर पुलिस महानिदेशक के पास भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस से जुड़ी शिकायतें लेकर ढेरों लोग मुख्‍यमंत्री से मिलने आए हैं। इसमें केस की सही तरीके से जांच नहीं करने, परेशान करने जैसी तमाम शिकायतें शामिल हैं। इसके अलावा मद्य निषेध विभाग और सामान्‍य प्रशासन विभाग से जुड़ी शिकायतों की भी भरमार है। मुख्‍यमंत्री एक दिन में आम तौर पर करीब 150 लोगों की शिकायतें सुनते हैं। कोविड प्रोटोकाल को देखते हुए यह सीमा निर्धारित की गई है। 

आज के जनता दरबार में मुख्यमंत्री राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, गृह विभाग, मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन विभाग, निगरानी विभाग, खान भूतत्व विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग से संबंधित शिकायतों को सुनेंगे। मुख्यमंत्री के दरबार में इन विभागों के अधिकारी भी मौजूद हैं। सीएम की कोशिश यही रहेगी कि लोगों की शिकायतों का निपटारा ऑनस्पॉट ही हो। 

CM नीतीश कुमार का जनता दरबार शुरू, इन विभाग की शिकायत सुनेंगे- https://newshaat.com/bihar-local-news/cm-nitish-kumars-public-court-begins-will-listen-to-the/cid5393497.htm