Newshaat_Logo

जेपी विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला: 28 नए डिग्री कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति, 1 जून तक देना होगा योगदान

 
जेपी विश्वविद्यालय का बड़ा फैसला: 28 नए डिग्री कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति, 1 जून तक देना होगा योगदान
Chapra: जयप्रकाश विश्वविद्यालय प्रशासन ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में नियमित पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय ने सारण, सिवान और गोपालगंज जिले के 28 नए डिग्री कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्यों और शिक्षक-सह-अर्थपाल की प्रतिनियुक्ति कर दी है। सभी नियुक्त पदाधिकारियों को 1 जून 2026 तक संबंधित कॉलेजों में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

जेपी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार वाजपेई की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नवस्थापित महाविद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कर नियमित पठन-पाठन शुरू कराया जाएगा। इसके तहत नामित प्रभारी प्राचार्य और शिक्षक अपने वर्तमान पदस्थापन स्थल से विरमित होकर नए कॉलेजों में योगदान देंगे।

News

News
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन शिक्षकों का वेतन और अन्य भत्ते उनके पूर्व पदस्थापित कॉलेज अथवा स्नातकोत्तर विभाग से ही जारी रहेगा। वहीं कॉलेजों में आधारभूत सुविधाओं को विकसित करने की जिम्मेदारी भी प्रभारी प्राचार्यों को सौंपी गई है। उन्हें जिला प्रशासन के समन्वय से भवन, कक्ष, फर्नीचर, पेयजल, बिजली और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

इसके अलावा शिक्षक-सह-अर्थपाल कॉलेज के वित्तीय और प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभालेंगे। विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार महाविद्यालयों के बैंक खातों का संचालन प्रभारी प्राचार्य और अर्थपाल के संयुक्त हस्ताक्षर से किया जाएगा।

जेपी विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी कहा है कि नामांकन प्रक्रिया, विषयवार संकाय व्यवस्था, कक्षा संचालन और परीक्षा से जुड़ी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी ताकि नए कॉलेजों में छात्रों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके।

विश्वविद्यालय के इस फैसले को क्षेत्र में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए डिग्री कॉलेजों के संचालन से ग्रामीण और प्रखंड स्तर के छात्रों को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।