पूर्वांचल समाज को प्रतिनिधित्व देने की मांग के साथ जदयू के डॉ. राहुल परमार की सीएम नीतीश से मुलाकात, कहा— बिहार की प्रगति में पूर्वांचलियों की भूमिका अहम
Bihar News: जदयू के प्रदेश सचिव, राजनीतिक सलाहकार एवं भोजपुरी-पूर्वांचल एकता मंच के संयोजक आचार्य डॉ. राहुल परमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। बैठक में कई सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएम से मिले राहुल परमार, रखीं कई महत्वपूर्ण बातें
मुलाकात के दौरान डॉ. परमार ने बिहार में स्थाई रूप से बसे पूर्वांचल मूल के लोगों की बढ़ती जनसंख्या, समाज में उनकी सक्रिय भूमिका और हालिया चुनावों में उनके प्रभावी योगदान की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल समुदाय ने बिहार के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. परमार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि पूर्वांचल मूल के लोगों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिया जाए और संगठन व शासन व्यवस्था में उनकी उचित भागीदारी सुनिश्चित हो। उनके अनुसार, यह समुदाय न सिर्फ बिहार की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण है बल्कि भविष्य की नीतियों के निर्माण में भी संघटक भूमिका निभा सकता है।
पहले भी कर चुके हैं बड़ी मांग
गौरतलब है कि पिछले वर्ष डॉ. राहुल परमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर उन्हें भारत रत्न देने की मांग की थी। उनका कहना था कि सुशासन और विकास की दिशा में नीतीश कुमार ने ऐसे ऐतिहासिक आयाम स्थापित किए हैं, जो देशभर में मिसाल बने हैं।
उन्होंने कहा था कि बिहार को नए रास्ते दिखाने और व्यापक बदलाव लाने में मुख्यमंत्री का योगदान भारत रत्न जैसी सर्वोच्च सम्मान के योग्य है।
राहुल परमार और मुख्यमंत्री की यह मुलाकात राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है, खासकर उस समय जब राज्य में विभिन्न समुदायों की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर चर्चा तेज़ है।







