Newshaat_Logo

पटना में राहुल गांधी को काला झंडा दिखाने पर हंगामा, पत्रकार पर भी चला थप्पड़ों का वार

 
पटना में राहुल गांधी को काला झंडा दिखाने पर हंगामा, पत्रकार पर भी चला थप्पड़ों का वार

Patna: राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान राजधानी पटना में हंगामे का माहौल बन गया। यात्रा के बीच अचानक एक व्यक्ति ने राहुल गांधी को काला झंडा दिखा दिया। झंडा दिखाने की देर थी कि मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे और उस व्यक्ति पर टूट पड़े।

भीड़ की धक्का-मुक्की और गुस्से में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिर्फ झंडा दिखाने वाले युवक को ही नहीं, बल्कि कवरेज कर रहे एक पत्रकार को भी निशाना बना लिया। दोनों पर थप्पड़ों की बौछार कर दी गई।

मौके पर अफरातफरी

घटना के दौरान कुछ देर के लिए यात्रा में अफरातफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हालात संभालते हुए राहुल गांधी को सुरक्षित घेरे में ले लिया। झंडा दिखाने वाले युवक को किसी तरह भीड़ से बाहर निकाला गया। वहीं, पत्रकार पर हमला होने की घटना से मीडिया जगत में नाराजगी है।

विपक्ष का निशाना

इस घटना को लेकर विपक्ष ने कांग्रेस और महागठबंधन पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध जताना किसी का अधिकार है, लेकिन इस तरह हिंसा करना और पत्रकारों पर हाथ उठाना बेहद शर्मनाक है।

क्या है वोटर अधिकार यात्रा?

राहुल गांधी इन दिनों बिहार में “वोटर अधिकार यात्रा” निकाल रहे हैं। इसका मकसद युवाओं और आम जनता को जोड़ना बताया जा रहा है। यात्रा के आखिरी दिन पटना में हुए इस बवाल ने सियासी हलचल को और तेज कर दिया है।