जस्टिस पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी बने पटना हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश
Patna Desk: बिहार की न्यायपालिका को नया नेतृत्व मिल गया है। भारत के राष्ट्रपति ने संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए जस्टिस पवन कुमार भीमप्पा बजंथरी को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति उस दिन से प्रभावी होगी, जिस दिन वे पदभार ग्रहण करेंगे।
अब तक जस्टिस बजंथरी पटना हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में दायित्व निभा रहे थे। उनकी स्थायी नियुक्ति का आदेश राष्ट्रपति सचिवालय से जारी कर दिया गया है।
नियुक्ति की औपचारिक सूचना पटना हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, बिहार के राज्यपाल सचिवालय, मुख्यमंत्री कार्यालय, मुख्य सचिव, लेखा परीक्षक (बिहार), राष्ट्रपति सचिवालय और प्रधानमंत्री कार्यालय सहित सुप्रीम कोर्ट को भी भेजी गई है। साथ ही, न्याय विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी इसे अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।
जानकार मानते हैं कि जस्टिस बजंथरी की नियुक्ति से बिहार की न्यायपालिका को एक अनुभवी और सशक्त नेतृत्व मिलेगा। उनके कार्यकाल में हाईकोर्ट की कार्यप्रणाली और न्यायिक व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है।







