न्यायाधीश पवन कुमार पाण्डेय बने बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना के सचिव
बिहार के शेखपुरा जिला मुख्यालय स्थित सिविल कोर्ट में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित न्यायाधीश पवन कुमार पाण्डेय को स्थानांतरित करते हुए बिहार सरकार ने अगले आदेश तक बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना में सदस्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है. उक्त संदर्भ में आज सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है.
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना संख्या - 7/स्था.-05-16/2024 सा.प्र. 15652/ महानिबंधक, उच्च न्यायालय पटना के पत्रांक - 67933 दिनांक 14/8/25 द्वारा संसूचित अनुशंसा के आलोक में न्यायाधिश पवन कुमार पाण्डेय को बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना में सदस्य सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है.
ध्यान रहे कि न्यायाधिश पवन कुमार पाण्डेय वर्तमान में शेखपुरा सिविल कोर्ट में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर तैनात हैं. सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि उनकी सेवा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार पटना में सदस्य सचिव के पद पर पदस्थापित करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार को सौंपी जाती है.
बिहार के महामहिम राज्यपाल के आदेशानुसार सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव गुफरान अहमद द्वारा आज 22 अगस्त, 2025 को उक्त संदर्भ में अधिसूचना जारी किए गए हैं. सनद रहे कि पवन कुमार पाण्डेय शेखपुरा सिविल कोर्ट में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर पदस्थापित रहने के पहले बिहार विधानसभा में सचिव के पद पर पदस्थापित रहे हैं.
कमला कान्त पाण्डेय







