Newshaat_Logo

पवार स्टार पर भड़कीं ज्योति सिंह, कहा- कोर्ट-कानून की वैल्यू नहीं, पवन सिंह ने मजाक बनाकर रख दिया

भोजपुरी स्टार और भाजपा से एमएलसी पवन सिंह पर एक बार फिर उनकी पत्नी ज्योति सिंह बुरी तरह से भड़की हैं। कहा कि पवन सिंह ने कोर्ट के आदेश का मजाक बनाकर रख दिया है।
 
पवन सिंह

भोजपुरी स्टार और भाजपा से एमएलसी पवन सिंह पर एक बार फिर उनकी पत्नी ज्योति सिंह बुरी तरह से भड़की हैं। कहा कि पवन सिंह ने कोर्ट के आदेश का मजाक बनाकर रख दिया है। बार-बार बुलाने पर भी पेश नहीं हो रहे हैं। दोनों का मामला बलिया की फैमिली कोर्ट में चल रहा है। ज्योति ने भरण-पोषण के लिए अर्जी दाखिल की है। वह हर पेशी पर आ रही हैं। फिलहाल पवन सिंह के अधिवक्ता की ओर से दाखिल अर्जी पर न्यायालय ने सुनवाई के लिए अगली तारीख तीन दिसंबर निर्धारित की है। ज्योति सिंह ने अपना बयान भी कोर्ट में दर्ज कराया।

ज्योति सिंह ने कोर्ट के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा कि पवन सिंह ने सरकारी पद पर होने के बाद भी सरकारी चीजों और कोर्ट तक का मजाक बनाकर रख दिया है। लगातार उन्हें बुलाया जा रहा है लेकिन नहीं आ रहे हैं। वह कोर्ट के साथ कानून का भी मजाक बना रहे हैं। उन्हें लग रहा है कि वह सर्वश्रेष्ठ और सर्वप्रथम हो गए हैं। उनके सामने न तो कोर्ट की बातों की कोई वैल्यू है और न ही कानून की कोई वैल्यू रह गई है।

भावुक होते हुए ज्योति सिंह ने कहा कि मेरे आंखों में यह आंसू नहीं है, बस इतना है कि इतने लंबे समय से लड़ रही हूं। कहा कि बहुत अफसोस हो रहा है कि सरकारी पद पर होते हुए आप यह दिखा रहे हैं कि एक लड़की को ऐसे परेशान किया जाता है। उनका इंटेनशन साफ है। वह मुझे परेशान करना चाहते हैं। कहा कि वह ऐसी सरकार का हिस्सा हैं जहां बेटी के नाम पर प्रचार-प्रसार किया जाता है, बेटी के नाम पर चुनावी रणनीति तैयार होती है। यहां बेटी को ही परेशान किया जा रहा है। यह सब न तो सरकार को दिख रहा है और न ही पवन सिंह को दिखाई दे रहा है। ज्योति ने कहा कि ऐसे में मैं सरकार से ही पूछना चाहती हूं कि उन्हें जो पद दिया गया है, क्या पवन सिंह उसके लिए डिजर्व करते हैं?

ज्योति ने व्यक्तिगत खर्च और घर के भरण-पोषण के लिए पांच लाख रुपये प्रतिमाह देने की मांग की है। न्यायालय ने नोटिस जारी कर पवन सिंह को 12 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया था। हालांकि, उनकी ओर से अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने परिवार न्यायालय में अनुपस्थिति के संबंध में अर्जी दाखिल की। इस पर न्यायालय ने सुनवाई के लिए अगली तारीख तीन दिसंबर तय कर दी। पवन सिंह की ओर से अब तक न्यायालय में पेश नहीं होने के अलग-अलग कारण बताए जाते रहे हैं।

पवन सिंह की शादीशुदा जिंदगी में चल रहा विवाद पिछले काफी समय से चर्चा में है। उन्होंने आरा के परिवार न्यायालय में तलाक का मुकदमा दाखिल किया है। बताया जाता है कि अप्रैल 2022 में ज्योति की ओर से भरण-पोषण की अर्जी दाखिल किए जाने के बाद से न्यायालय पवन सिंह को पेश होने के लिए करीब 18 बार नोटिस जारी कर चुका है। इस दौरान दो बार उन पर जुर्माना भी लगाया जा चुका है। इसके बावजूद पवन सिंह अब तक बलिया परिवार न्यायालय में केवल एक बार पांच नवंबर 2022 को पेश हुए हैं। उनके अधिवक्ता का कहना है कि वादी का बयान दर्ज होने के बाद पवन सिंह जनवरी में न्यायालय के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं।