Newshaat_Logo

खगड़िया: दुकान बंद कर घर लौट रहे कारोबारी पिता-पुत्र को मारी गोली, खेतान परिवार दहशत में

खगड़िया शहर के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बेखौफ अपराधियों ने कारोबारी पिता-पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया
 
खगड़िया

खगड़िया शहर के नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात बेखौफ अपराधियों ने कारोबारी पिता-पुत्र को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुरानी एसडीओ रोड स्थित प्लाई गली में रात करीब 8:30 बजे हुई इस वारदात में सज्जन खेतान और उनके पुत्र कन्हैया खेतान जख्मी हो गये. दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. घटना के बाद शहर के कारोबारियों में भय का माहौल है. गोलीबारी के विरोध में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें भी बंद कर दीं.

मिली जानकारी के अनुसार, सज्जन खेतान और उनके पुत्र कन्हैया खेतान मंगलवार की रात अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. दुकान से उनका घर महज करीब 200 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है. इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए नकाबपोश बाइक सवार अपराधियों ने पीछे से दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं.

गोली लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर गिर पड़े और मदद के लिए चिल्लाने लगे. सज्जन खेतान के कंधे के पास गोली लगी, जबकि उनके पुत्र कन्हैया की बांह में गोली लगी है. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन तब तक अपराधी बाइक से फरार हो चुके थे.

स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. सज्जन खेतान का पैतृक घर अलौली थाना क्षेत्र की रौन पंचायत में बताया गया है.

घटना की सूचना मिलते ही सांसद राजेश वर्मा, लोजपा जिलाध्यक्ष मनीष कुमार, सदर डीएसपी और नगर थाना व चित्रगुप्त नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. सांसद ने घायल व्यवसायियों और उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली.