Newshaat_Logo

फर्जी एनकाउंटर मामले में पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ हूं

 
फर्जी एनकाउंटर मामले में पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- न्याय की लड़ाई में हर कदम पर साथ हूं

 

Bihar news: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव सोमवार को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

Khesari Lal yadav

भरत भूषण तिवारी की मां आशा देवी समेत अन्य परिजनों से बातचीत करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आनी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने लोगों से शांतिपूर्ण और संयमित तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील भी की।

खेसारी ने कहा, “न्याय के लिए आंदोलन जारी रहना चाहिए, लेकिन इसका उद्देश्य केवल सच्चाई को सामने लाना होना चाहिए। न्याय सिर्फ होना ही नहीं चाहिए, बल्कि लोगों को दिखना भी चाहिए कि न्याय हुआ है। इसके लिए धैर्य और संयम जरूरी है।”

अभिनेता ने यह भी कहा कि भरत भूषण तिवारी जिन जवइनिया विस्थापितों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे, यदि जनप्रतिनिधि उनकी मांगों को पूरा कर दें, तो वही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि किसी मां के लिए उसके बेटे की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती।

खेसारी लाल यादव के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक वहां एकत्र हो गए। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों की बातें गंभीरता से सुनीं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग का समर्थन किया।

गौरतलब है कि 17 जून को बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। परिजन इस घटना को फर्जी एनकाउंटर बता रहे हैं, जबकि पुलिस का दावा है कि भरत ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में कार्रवाई की गई।

इस घटना को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग तेज होती जा रही है। खेसारी लाल यादव के दौरे के बाद यह मामला एक बार फिर सामाजिक और राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि लोकप्रिय अभिनेता के समर्थन से पीड़ित परिवार की न्याय की लड़ाई को और बल मिलेगा।