Newshaat_Logo

JDU में नाराजगी की चर्चाओं पर ललन सिंह का जवाब, बोले- पार्टी में कोई मतभेद नहीं

 
JDU में नाराजगी की चर्चाओं पर ललन सिंह का जवाब, बोले- पार्टी में कोई मतभेद नहीं

Patna: जनता दल यूनाइटेड (JDU) में कथित नाराजगी और नेताओं के बीच मतभेद की चर्चाओं के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने शनिवार को पटना एयरपोर्ट पर पार्टी की स्थिति को लेकर सफाई दी। उन्होंने कहा कि JDU में किसी तरह का आंतरिक विवाद नहीं है और पार्टी आपसी विचार-विमर्श व सहमति के साथ आगे बढ़ रही है।

ललन सिंह ने कहा कि उनके किसी नेता के साथ मतभेद नहीं हैं। उन्होंने पार्टी की कार्यप्रणाली का जिक्र करते हुए कहा कि 1994 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में समता पार्टी के गठन के समय से ही संगठन में आंतरिक लोकतंत्र और आपसी विचार-विमर्श की परंपरा रही है। उनके मुताबिक, महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के बाद ही निर्णय लेने की प्रक्रिया आज भी जारी है।

JDU के प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्यों नहीं पहुंचे ललन सिंह?

शुक्रवार को पटना स्थित JDU कार्यालय में पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों के लिए एक दिवसीय ओरिएंटेशन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ था। इसमें ललन सिंह की गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हुई थीं। कार्यक्रम में JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने हिस्सा लिया था, जबकि ललन सिंह समेत कुछ वरिष्ठ नेता मौजूद नहीं थे।

इस पर ललन सिंह ने कहा कि उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होने की कोई राजनीतिक वजह नहीं थी। उन्होंने बताया कि गुजरात में उनका पहले से निर्धारित कार्यक्रम था, जिसकी वजह से वह पटना के कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि कुछ विधायकों ने फोन करके भी उनके नहीं आने के बारे में पूछा था। ललन सिंह के अनुसार, उन्होंने सभी को गुजरात में अपने पहले से तय कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने रात में उनसे फोन पर बात की थी और उन्हें भी उन्होंने यही कारण बताया था।

संजय झा से लगातार होती है बातचीत

JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के साथ संवाद को लेकर पूछे गए सवाल पर ललन सिंह ने कहा कि उनसे उनकी लगातार बातचीत होती रहती है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जुड़े मुद्दों पर आपसी राय और विचार-विमर्श के जरिए बातचीत होती रहती है।

ललन सिंह ने फिर दोहराया कि पार्टी के भीतर किसी व्यक्ति के साथ उनका कोई मतभेद नहीं है और संगठन में भी किसी तरह का आंतरिक विवाद नहीं है। हालांकि, उनकी गैरमौजूदगी को लेकर शुक्रवार के कार्यक्रम में कुछ विधायकों द्वारा सवाल उठाए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।

अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद से बनाई दूरी

पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह और JDU एमएलसी नीरज कुमार के बीच चल रही बयानबाजी पर भी ललन सिंह से सवाल किया गया।

इस पर केंद्रीय मंत्री ने सीधे तौर पर मामले में टिप्पणी करने से दूरी बनाई। उन्होंने कहा कि इस विवाद के बारे में अनंत सिंह और नीरज कुमार से ही पूछा जाना चाहिए।

दरअसल, दोनों नेताओं के बीच पटना स्नातक सीट को लेकर पिछले दिनों से सार्वजनिक बयानबाजी चल रही है। अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ कई आरोप लगाए हैं और पटना स्नातक सीट पर डॉ. अनुज कुमार के समर्थन की बात कही है।

ललन सिंह के ताजा बयान के बाद अब पार्टी के भीतर चल रही कथित मतभेद की चर्चाओं के बीच उनका पक्ष भी सामने आ गया है। उन्होंने अपने बयान में संगठन के भीतर विचार-विमर्श और सहमति की प्रक्रिया को पार्टी की कार्यशैली का हिस्सा बताया है।