राबड़ी आवास में लालू यादव ने फहराया तिरंगा, यह आखिरी झंडोत्तोलन होने की चर्चा तेज
Patna news: देश आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने पटना के 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास में तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी भी उपस्थित रहीं। झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान गाया गया और सभी ने तिरंगे को सलामी दी। पूरे आवास परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और नेताओं ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इस बीच राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि यह लालू यादव का राबड़ी आवास में आखिरी झंडोत्तोलन हो सकता है। दरअसल, लालू परिवार को राबड़ी आवास खाली करने का नोटिस मिल चुका है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में उन्हें यह आवास छोड़ना पड़ सकता है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर 15 अगस्त से पहले राबड़ी आवास खाली हो जाता है, तो यह लालू यादव का यहां से आखिरी बार तिरंगा फहराना माना जाएगा। ऐसे में यह झंडोत्तोलन ऐतिहासिक पल के रूप में देखा जा रहा है।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर राबड़ी आवास में शांति और उत्साह के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ और सभी ने संविधान व लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था दोहराई।







