Newshaat_Logo

सिंगापुर जाएंगे लालू यादव, रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए कोर्ट से मिली मंजूरी

 
सिंगापुर जाएंगे लालू यादव, रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए कोर्ट से मिली मंजूरी
Bihar news: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार की राजनीति के प्रमुख चेहरे लालू प्रसाद यादव एक बार फिर अपने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए सिंगापुर रवाना होने वाले हैं। दिल्ली की अदालत से विदेश यात्रा की अनुमति मिलने के बाद उनके सिंगापुर दौरे का रास्ता साफ हो गया है। वहां उनका पोस्ट ट्रांसप्लांट रूटीन मेडिकल चेकअप किया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, लालू यादव इन दिनों दिल्ली में अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं और अपने पोते के जन्मदिन समारोह में शामिल होने पहुंचे हैं। इसी प्रवास के दौरान वह दिल्ली से सीधे सिंगापुर के लिए रवाना होंगे, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जांच करेंगे।

गौरतलब है कि दिसंबर 2022 में सिंगापुर में लालू प्रसाद यादव का सफल किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने उन्हें अपनी किडनी दान कर नई जिंदगी दी थी। ऑपरेशन के बाद उनकी सेहत में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला और तब से वह चिकित्सकों की निगरानी में नियमित स्वास्थ्य जांच कराते रहे हैं।

डॉक्टरों की सलाह पर इस बार भी लालू यादव फॉलो-अप मेडिकल परीक्षण के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। माना जा रहा है कि यह यात्रा पूरी तरह स्वास्थ्य संबंधी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय की जाएगी।

लालू यादव के सिंगापुर दौरे की खबर सामने आते ही आरजेडी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र एवं बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है। वहीं राजनीतिक गलियारों में भी इस यात्रा को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे लालू प्रसाद यादव सक्रिय राजनीति में भले पहले जैसी भूमिका में नजर नहीं आते हों, लेकिन आज भी बिहार की राजनीति में उनकी मौजूदगी और प्रभाव बरकरार है। ऐसे में उनकी सेहत से जुड़ी हर खबर राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का विषय बन जाती है।