Movie prime

ASI के बेटे की हत्या, लालू यादव के 2 पोते गिरफ्तार, गोपालगंज के फुलवरिया से पुलिस ने किया अरेस्ट

 

पटना में बर्थ डे पार्टी के दौरान ASI श्याम रंजन सिंह के बेटे आर्यन (18) की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के 2 पोतों को गिरफ्तार किया है।

लालू यादव के भाई मंगरू यादव के पोते सुदेश यादव के दोनों बेटे आकाश और विकास यादव अरेस्ट किए गए हैं। मर्डर के बाद ये गोपालगंज के फुलवरिया भाग गए थे। पटना पुलिस ने वहीं से दोनों को पकड़ा है।

दोनों पर आरोप है कि दोनों ने बर्थ-डे पार्टी में ASI श्याम रंजन सिंह के बेटे आर्यन की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पहले हाथ-पैर तोड़े, फिर गला दबाकर मर्डर कर दिया। हत्या करने के बाद सभी कमरा बंद कर फरार हो गए।

बताया जाता है कि कमरे में शराब की पार्टी हुई थी। किसी लड़की को भी बुलाया गया था। कमरे से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुआ है।

घटना शास्त्रीनगर की एजी कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात हुई। जहां आर्यन का शव मिला, वह मकान गोपालगंज के फुलवरिया के सुदेश यादव का है।

सुदेश के बेटे विकास की बर्थडे पार्टी थी। आर्यन ने दोस्तों के साथ पार्टी मनाई थी। वहां एक लड़की के भी होने की बात सामने आई है। आरा के मुआप तला गांव के रहने वाले श्याम रंजन पटेल भवन में स्पेशल ब्रांच में तैनात हैं। आर्यन उनका बड़ा बेटा था।

हत्या कब और क्यों की गई इसे लेकर पूछताछ चल रही है। पुलिस उस लड़की का भी पता लगा रही जो उस रात वहां गई थी। लड़की की भी हत्या में हाथ होने का शक है। पुलिस आसपास के कैमरों को खंगाल रही है।

प्लानिंग के साथ की गई हत्या

जिस मकान में आर्यन की हत्या की गई है, वह गोपालगंज के फुलवरिया के रहने वाले ठेकेदार सुदेश यादव की है। सुदेश पत्नी के साथ गांव गए हुए थे। आकाश और विकास दोनों सुदेश के बेटे हैं। विकास का बर्थडे था। विकास का आर्यन के साथ पहले भी विवाद हुआ था।

इसके बाद आर्यन ने विकास के खिलाफ थाने में केस भी किया था। पुलिस उसे पकड़ कर लाई थी और समझा-बुझाकर उसे छोड़ दिया था। पार्टी में शामिल दो और लड़के आयुष और पीयूष के नाम भी आ रहे हैं। आर्यन के परिजनों को शक है कि पूरी प्लानिंग के साथ हत्या की गई है।