Newshaat_Logo

मिथिलांचल में महागठबंधन की तिकड़ी का रोड-शो, प्रियंका गांधी की एंट्री ने यात्रा को दिया नया रंग

 
वोट चोर यात्रा

Darbhanga: ‘वोट अधिकार यात्रा’ का ग्यारहवां दिन मंगलवार को दरभंगा में खास अंदाज में दिखा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और इस बार प्रियंका गांधी भी यात्रा में शामिल होकर जनता से सीधे जुड़ती नजर आईं। जीवछ घाट से यात्रा की शुरुआत हुई और हरतालिका तीज के मौके पर प्रियंका की मौजूदगी को महज संयोग नहीं, बल्कि महिला वोट बैंक को साधने की बड़ी सियासी चाल माना जा रहा है।

यात्रा दरभंगा के भंडार चौक, बेला मोड़, बाघ मोड़, सिवधारा चौक और सिमरी जाले से होकर सीतामढ़ी की ओर बढ़ी। इसे बीजेपी-जेडीयू के मजबूत गढ़ मिथिलांचल में एनडीए की पकड़ कमजोर करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।

मिथिलांचल: पुराना किला, नई चुनौती

कभी मिथिलांचल कांग्रेस और आरजेडी का परंपरागत किला हुआ करता था। लेकिन पिछले डेढ़ दशक में जेडीयू-बीजेपी की जोड़ी ने इसे एनडीए का मजबूत गढ़ बना दिया। अब महागठबंधन की यह तिकड़ी उसी गढ़ को चुनौती देने उतरी है। रोड-शो और रैलियों के जरिए विपक्ष यहां सत्ता विरोधी लहर को धार देने की कोशिश में है।

तीज पर प्रियंका की मौजूदगी और महिला वोट बैंक

प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने यात्रा को एक नया तेवर दिया है। हरतालिका तीज के दिन मिथिलांचल की लाखों महिलाएं व्रत और पूजा में जुटी थीं। ऐसे मौके पर प्रियंका का सड़क पर जनता के बीच आना सीधा संदेश है कि महागठबंधन अब महिला वोट बैंक को अपनी राजनीति का केंद्र बनाने जा रहा है।

कांग्रेस का दावा – “दिल्ली की सरकार तक हिली”

कांग्रेस किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अखिलेश प्रसाद ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ बिहार सरकार को ही नहीं, बल्कि दिल्ली की सत्ता को भी हिला चुकी है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी का संदेश साफ है – “अब वोट की चोरी नहीं चलेगी।”