Newshaat_Logo

बड़ा हादसा टला: हाजीपुर में अनियंत्रित ट्रक ने रिहायशी इलाके में मचाया कहर, परिवार बाल-बाल बचा​​​​​​​

Hazipur: घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रक को जब्त कर लिया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है.
 
bihar

Hazipur: हाजीपुर में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. रिहायशी इलाके से गुजरते समय एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक बेकाबू हो गया और सड़क किनारे खड़े वाहनों व संपत्तियों को नुकसान पहुंचाता हुआ आगे बढ़ गया। गनीमत रही कि ट्रक घर में घुसने से पहले ही रुक गया, जिससे अंदर मौजूद परिवार की जान बच गई.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और ट्रक को जब्त कर लिया. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है.

हाजीपुर से समस्तीपुर जा रहा था ट्रक

जानकारी के अनुसार, बिसलरी पानी की बोतलों से लदा ट्रक हाजीपुर से समस्तीपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान महुआ थाना क्षेत्र के ताजपुर मार्ग स्थित सिंघाड़ा टाड़ा गांव के पास चालक अचानक वाहन से संतुलन खो बैठा. नियंत्रण बिगड़ने के बाद ट्रक सीधे स्थानीय निवासी सुरेंद्र राय के घर की चार दीवारी से टकरा गया और दीवार तोड़ते हुए घर के परिसर में घुस गया.

ग्रामीणों ने चालक को निकाला बाहर

हादसे के समय हुई तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े. स्थानीय लोगों ने देखा कि चालक ट्रक के अंदर फंसा हुआ है. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. बताया जा रहा है कि चालक को चोटें आई हैं, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.

घर के लोग बाल-बाल बचे

ग्रामीणों के अनुसार घटना के समय घर के मालिक सुरेंद्र राय अपने परिवार के साथ घर के पिछले कमरे और छत पर सो रहे थे. यदि ट्रक घर के मुख्य हिस्से तक पहुंच जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. स्थानीय लोगों ने बताया कि महज कुछ फीट की दूरी ने पूरे परिवार की जान बचा ली.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चालक का संतुलन कैसे बिगड़ा और हादसे की वास्तविक वजह क्या थी. घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही और लोग इस हादसे को लेकर चर्चा करते रहे.