Newshaat_Logo

जहानाबाद में ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा, सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली; STF जवान की मौत

 
जहानाबाद में ऑपरेशन के दौरान बड़ा हादसा, सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली; STF जवान की मौत

Jahanabad News: बिहार के जहानाबाद जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। घोसी थाना क्षेत्र में ऑपरेशन के दौरान एसटीएफ (STF) के एक जवान की सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चल जाने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक जवान की पहचान नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र स्थित रघुनाथपुर गांव निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात एसटीएफ की टीम घोसी-हुलासगंज इलाके में अपराधियों की तलाश और गश्ती अभियान चला रही थी। इसी दौरान चिरी गांव के पास अचानक जवान धीरज कुमार की कमर में लगी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चल गई, जो सीधे उन्हें जा लगी।

गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर मौजूद अन्य जवान तुरंत उनकी ओर दौड़े और गंभीर हालत में उन्हें घोसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही घोसी एसडीपीओ-2 कृति कमल, स्थानीय थाना पुलिस समेत कई वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार ने भी मामले की जानकारी ली और जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने जवान के शव को पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में इसे सर्विस रिवॉल्वर से आकस्मिक रूप से चली गोली का मामला माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे ने बिहार पुलिस और एसटीएफ के जवानों को गहरे सदमे में डाल दिया है। विभागीय अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।