Newshaat_Logo

पटना में मोमो कैफे पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो सड़ा चिकन बरामद, लाइसेंस निलंबित

पटना के कांटी फैक्ट्री रोड स्थित द मोमोज कैफे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को करीब 10 किलो सड़ा चिकन मिला। टीम ने चिकन नष्ट कर दिया और कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
 
Patna momo

पटना में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई जांच के दौरान एक मोमो कैफे से करीब 10 किलो सड़ा हुआ चिकन बरामद हुआ। वहीं, एक अन्य मोमो सेंटर बिना वैध लाइसेंस के संचालित होता मिला, जबकि तीसरे प्रतिष्ठान में जले हुए तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। विभाग ने तीनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है।

स्वास्थ्य विभाग की खाद्य सुरक्षा इकाई की टीम ने मंगलवार को पटना के कांटी फैक्ट्री रोड स्थित 'द मोमोज कैफे' का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने किचन और खाद्य सामग्री रखने की जगह की जांच की। जांच में किचन में गंदगी और साफ-सफाई की व्यवस्था खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मिली। इसके अलावा वहां करीब 10 किलो सड़ा हुआ चिकन बरामद किया गया। टीम ने बरामद चिकन को मौके पर ही नष्ट करा दिया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कैफे का लाइसेंस निलंबित कर दिया। साथ ही, लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा भी की गई है।

इसी तरह पटना सिटी के मोगलपुरा स्थित 'सिटी मोमो सेंटर' में भी कई खामियां मिलीं। जांच के दौरान यह प्रतिष्ठान बिना वैध लाइसेंस के संचालित होता पाया गया। यहां काम करने वाले कर्मचारियों के पास स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी नहीं थे। सबसे गंभीर बात यह रही कि सेंटर में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक ही जगह तैयार की जा रही थी। विभाग ने संचालक को सात दिनों के भीतर वैध लाइसेंस लेने का निर्देश दिया है। तब तक मोमो के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

वहीं, लोदीपुर स्थित सिटी सेंटर मॉल की तीसरी मंजिल पर चल रहे 'वाउ मोमो एंड वाउ चाइना' में भी खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई। जांच में जले हुए खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल किए जाने का खुलासा हुआ। टीम ने मौके से 21 लीटर जला हुआ तेल नष्ट कराया। इसके अलावा 'इंडो चिली सॉस बेस' का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इन कार्रवाइयों से साफ है कि शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर जांच तेज कर दी गई है। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी है।