Movie prime

पटना में कोर्ट आदेश पर बड़ी कार्रवाई: मजिस्ट्रेट-पुलिस की टीम पहुंची, बनवारी टोला में घर खाली कराने से मचा हड़कंप

 
पटना में कोर्ट आदेश पर बड़ी कार्रवाई: मजिस्ट्रेट-पुलिस की टीम पहुंची, बनवारी टोला में घर खाली कराने से मचा हड़कंप
Bihar news: राजधानी पटना के सुलतानगंज थाना क्षेत्र स्थित बनवारी टोला मोड़ पर उस समय हलचल मच गई जब जिला प्रशासन की टीम मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और अधिवक्ता के साथ एक मकान खाली कराने पहुंची। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में भीड़ जुट गई और घर में मौजूद लोग घबरा गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रशासनिक टीम सीधे घर पर पहुंची और सामान बाहर निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। उस समय घर में केवल महिलाएं और छोटे बच्चे मौजूद थे। परिवार की महिलाओं ने बताया कि उन्हें पहले से कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं थी, जिससे वे घबराहट में आ गईं और विरोध जताया।

परिजनों का कहना है कि बिना पर्याप्त समय दिए घर खाली कराया गया, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई अदालत के आदेश के आधार पर की गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मकान से जुड़ा विवाद काफी समय से कोर्ट में चल रहा था। संबंधित पक्ष को पहले नोटिस भी दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में घर खाली नहीं किया गया। इसके बाद न्यायालय के निर्देश पर टीम भेजकर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की गई।

फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है, लेकिन इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज है।

रिपोटर: मुकेश कुमार