बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 15 IAS अधिकारियों के तबादले, कई अहम विभागों की कमान बदली
Bihar news: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए 15 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापन की अधिसूचना जारी की है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कई वरिष्ठ अफसरों के विभाग बदले गए हैं, वहीं कई अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में भी अहम बदलाव किया गया है। सरकार का दावा है कि इस पुनर्संरचना से विभागों के बीच समन्वय मजबूत होगा और योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की गति तेज होगी।
अधिसूचना के मुताबिक, विजयलक्ष्मी एन. (IAS 1995) को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग से हटाकर अपर मुख्य सचिव, योजना एवं विकास विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही उन्हें सचिव, बिहार राज्य योजना परिषद और परियोजना निदेशक, बिहार आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं शीर्षत कपिल अशोक (IAS 2011) को डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग का प्रभारी सचिव बनाया गया है।
गन्ना, ग्रामीण विकास और कृषि विभाग में बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के तहत के. सेंथिल कुमार (IAS 1996) को प्रधान सचिव, गन्ना उद्योग विभाग नियुक्त किया गया है। उन्हें राज्य योजना परिषद और आपदा पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण सोसाइटी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
पंकज कुमार (IAS 1997) अब प्रधान सचिव, ग्रामीण विकास विभाग होंगे और साथ ही जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभालते रहेंगे।
संजीव हंस (IAS 1997) को अपर सदस्य, राजस्व परिषद बनाया गया है, जबकि नर्मदेश्वर लाल (IAS 1998) को प्रधान सचिव, कृषि विभाग की कमान सौंपी गई है। वे जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
प्रमंडलीय आयुक्तों और खेल विभाग में भी बदलाव
नगर विकास और आवास विभाग की जिम्मेदारी अब विनय कुमार (IAS 1999) को दी गई है। प्रमंडलीय स्तर पर प्रेम सिंह मीणा (IAS 2000) को आयुक्त, मुंगेर प्रमंडल और मनीष कुमार (IAS 2005) को आयुक्त, सारण प्रमंडल (छपरा) नियुक्त किया गया है।
खेल विभाग में भी बदलाव करते हुए महेंद्र कुमार (IAS 2011) को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है, जबकि आरिफ अहसन (IAS 2017) को निदेशक, खेल, बिहार का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा
पर्यटन विभाग में निलेश रामचंद्र देवरे (IAS 2011) को विशेष सचिव बनाया गया है। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में अमित कुमार पांडेय (IAS 2014) को प्रबंध निदेशक, बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने के उद्देश्य से किया गया है। आने वाले दिनों में इसके असर जमीन पर दिखने की उम्मीद जताई जा रही है।







