झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 65 IAS-IPS अधिकारियों का तबादला, कई जिलों में नए DC-SP तैनात
इस फेरबदल में 17 जिलों में नए उपायुक्त (DC) की नियुक्ति की गई है। 2013 बैच के अधिकारी राजीव रंजन को पूर्वी सिंहभूम का उपायुक्त बनाया गया है, जबकि 2014 बैच के संदीप कुमार को लातेहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं 2017 बैच के अधिकारी शशि प्रकाश सिंह को देवघर का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। हजारीबाग, पश्चिमी सिंहभूम, गोड्डा और पाकुड़ समेत कई जिलों में भी नए उपायुक्त तैनात किए गए हैं।
पुलिस विभाग में भी बड़ा बदलाव
गृह, कारागार एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आदेश में पुलिस महकमे में भी व्यापक फेरबदल किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) माइकल राज एस को अब रेलवे IG की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि पलामू जोन के IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा को बोकारो का IG बनाया गया है।
इसके अलावा कई जिलों के एसपी भी बदले गए हैं। सरायकेला-खरसावां, रामगढ़ और देवघर जैसे अहम जिलों में नए पुलिस अधीक्षकों की तैनाती की गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में भी नए एसपी की नियुक्ति की गई है।
क्यों अहम है ये फेरबदल?
सरकार का यह कदम प्रशासनिक कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की दिशा में माना जा रहा है। कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जिससे विभागीय कामकाज में तेजी आने की उम्मीद है।
राज्य सरकार का फोकस साफ है जमीनी स्तर पर प्रशासन को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना। अब देखना होगा कि नए अधिकारियों की तैनाती से जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था कितनी बेहतर होती है।







