Newshaat_Logo

पटना में टल गया बड़ा विमान हादसा: भयंकर टर्बुलेंस में फंसी इंडिगो फ्लाइट, रूडी की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

 
indigo
Patna Indigo News: पटना आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 गुरुवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गई। पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग से ठीक पहले विमान अचानक खराब मौसम और जबरदस्त टर्बुलेंस की चपेट में आ गया, जिससे फ्लाइट के अंदर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। तेज झटकों से घबराए यात्रियों की चीखें सुनाई देने लगीं और कुछ देर के लिए विमान में सवार लोगों को लगा कि शायद अब बचना मुश्किल है।

जानकारी के अनुसार, विमान पटना पहुंचने ही वाला था कि अचानक मौसम ने करवट बदल ली। तेज हवाओं, घने बादलों और खराब विजिबिलिटी के बीच विमान बुरी तरह डगमगाने लगा। सीट बेल्ट बांधे बैठे यात्री दहशत में आ गए। कई यात्रियों ने बाद में बताया कि विमान इतनी तेजी से हिल रहा था कि उन्हें किसी बड़े हादसे का डर सताने लगा था।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे अहम भूमिका निभाई केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने, जो खुद इस फ्लाइट को उड़ा रहे थे। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने जोखिम लेने के बजाय विमान को पटना में उतारने का प्रयास रोक दिया और तत्काल फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करने का फैसला लिया।

इसके बाद विमान को सुरक्षित तरीके से चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। जैसे ही फ्लाइट सुरक्षित लैंड हुई, यात्रियों ने राहत की सांस ली। कई लोग भावुक होकर एक-दूसरे को गले लगाते नजर आए।

माहौल को हल्का करते हुए राजीव प्रताप रूडी ने मुस्कुराकर यात्रियों से कहा, “अब आप ताली बजा सकते हैं, क्योंकि आप सुरक्षित उतर गए हैं।” इसके बाद पूरा विमान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

यात्रियों ने इस अनुभव को बेहद डरावना बताते हुए कहा कि कुछ मिनटों तक ऐसा लग रहा था जैसे विमान नियंत्रण खो देगा। हालांकि पायलट की सूझबूझ और क्रू मेंबर्स की सतर्कता की वजह से सभी यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।

उधर बिहार में लगातार बदलते मौसम का असर अब हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग पहले ही राज्य में तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक को लेकर अलर्ट जारी कर चुका है।