‘मन की बात’ में बिहार की गूंज: सम्राट चौधरी बोले- पीएम मोदी ने बढ़ाया राज्य का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में बिहार के पारंपरिक पेय सत्तू और प्रसिद्ध जर्दालु आम का जिक्र किया जाना राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इससे बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और कृषि परंपरा को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि बिहार के स्थानीय उत्पादों और यहां के किसानों के परिश्रम को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना पूरे राज्य के लिए उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि सत्तू जैसे पारंपरिक पेय का उल्लेख केवल खानपान नहीं बल्कि बिहार की जीवनशैली और स्वास्थ्य परंपरा को भी दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जर्दालु आम समेत बिहार के कई कृषि उत्पाद देश और विदेश में अपनी खास पहचान रखते हैं। प्रधानमंत्री द्वारा इनका उल्लेख किए जाने से राज्य के किसानों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार अपनी सांस्कृतिक धरोहर, लोक परंपराओं और कृषि संपदा के जरिए हमेशा देश की समृद्धि में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा राज्य की विशेषताओं को राष्ट्रीय मंच पर स्थान देने से बिहारवासियों का मनोबल और बढ़ा है।
अंत में मुख्यमंत्री ने बिहार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस तरह के उल्लेख से राज्य की सकारात्मक छवि और मजबूत होगी।







