बेतिया राजकचहरी में ‘मन की बात’ कार्यक्रम, सांसद संजय जयसवाल ने दिलाई मतदान की शपथ
बेतिया: पश्चिम चम्पारण के बेतिया राजकचहरी परिसर में शनिवार को केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार (पटना) की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 130वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण किया गया। इस मौके पर लोकसभा सचेतक सह सांसद डॉ. संजय जयसवाल सैकड़ों समर्थकों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और सभी ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
‘मन की बात’ सुनने के बाद सांसद डॉ. संजय जयसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का “विकसित भारत 2047” का सपना देश के भविष्य के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अरुणाचल से लेकर गुजरात तक और पूरे देश में लगातार विकास के काम कर रहे हैं, ताकि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाकर दुनिया की अग्रणी श्रेणी में शामिल किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान आज मनाए जा रहे मतदाता जागरूकता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ भी दिलाई गई। सांसद ने लोगों से अपील की कि आने वाले पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव में हर मतदाता जरूर मतदान करे। उन्होंने कहा कि सही और ईमानदार प्रतिनिधि का चुनाव तभी संभव है, जब सभी लोग अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इससे पंचायत से लेकर राज्य और देश के विकास को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के विचारों को ध्यान से सुना और मतदाता जागरूकता अभियान में भाग लेकर लोकतंत्र को मजबूत करने का संकल्प लिया।
रिपोटर: आशीष कुमार, बेतिया







