वीरपुर में मुख्य सचिव और DGP की मैराथन बैठक, सुरक्षा-विकास पर बड़ा मंथन
वीरपुर पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य सचिव का स्वागत किया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान कोसी आयुक्त, डीएम, एसपी और एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
बैठक वीरपुर स्थित फिजिकल मॉडलिंग सेंटर में आयोजित हुई, जहां भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा, कोसी क्षेत्र में बाढ़ नियंत्रण, आधारभूत ढांचे के विकास और आपदा प्रबंधन जैसे संवेदनशील मुद्दों पर मंथन किया गया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में क्षेत्र के समग्र विकास और सुरक्षा रणनीति को लेकर ठोस योजनाओं पर चर्चा हुई।
सुपौल के डीएम सावन कुमार ने बताया कि फिजिकल मॉडलिंग सेंटर के कार्य को जल्द पूरा करने, वीरपुर हवाई अड्डे के निर्माण को गति देने और सीमा से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही जिले में चल रही विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव के दौरे को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और बैठक के दौरान गोपनीयता बनाए रखने के लिए मीडिया को दूर रखा गया। बैठक के बाद दोनों वरिष्ठ अधिकारी हेलीकॉप्टर से वापस लौट गए।
यह हाईलेवल बैठक सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा मजबूत करने और विकास कार्यों को रफ्तार देने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।







