बिहार में मेगा भर्ती और मेगा निवेश की तैयारी: उद्योग और सहकारिता विभाग में तेजी, 1.05 लाख करोड़ के प्रस्ताव- 1089 पदों पर बहाली प्रक्रिया शुरू
Bihar Sarkari Naukri Update: नई सरकार के गठन के साथ ही बिहार में विकास और रोजगार दोनों मोर्चों पर तेजी नजर आने लगी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अगले पाँच वर्षों में 1 करोड़ युवाओं को नौकरी देने के वादे को साकार करने के लिए विभाग एक्शन मोड में हैं। उद्योग और सहकारिता विभाग ने बड़े स्तर पर भर्ती और निवेश से जुड़े कदम तेज कर दिए हैं।
उद्योग विभाग—1.05 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, बिहार बनेगा इंडस्ट्रियल हब
उद्योग मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में बताया गया कि राज्य को अब तक 1.05 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
बैठक में औद्योगिक निवेश, एमएसएमई प्रमोशन, स्टार्टअप नीति, और रोजगार सृजन की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु:
• अब तक प्राप्त निवेश प्रस्ताव: 4004
• वित्तीय स्वीकृति प्राप्त प्रस्ताव: 1078
• कुल सक्रिय निवेश: 29,756 करोड़ रुपये
• स्वीकृत निवेश की राशि: 11,964 करोड़ रुपये
• चल रही औद्योगिक इकाइयाँ: 861
• संभावित प्रत्यक्ष रोजगार: 38,488 पद
मंत्री ने निर्देश दिया कि जमीन अधिग्रहण, अवसंरचना विकास और निवेश मंजूरी प्रक्रिया को और तेज किया जाए। लक्ष्य है—बिहार को अगले पाँच वर्षों में इंडस्ट्रियल और इनोवेशन हब बनाना।
सहकारिता विभाग—1089 पदों पर बहाली, प्रस्ताव आयोगों को भेजे गए
राज्य में नई नियुक्तियों की दिशा में सहकारिता विभाग भी तेजी से आगे बढ़ गया है। सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने जानकारी दी कि विभाग में 1089 रिक्त पदों की अधियाचना संबंधित आयोगों को भेज दी गई है।
BPSC को भेजे गए पद:
• सहायक निबंधक: 31 पद
• जिला अंकेक्षण पदाधिकारी: 4 पद
• सहकारिता प्रसार पदाधिकारी: 502 पद
BSSC को भेजे गए पद:
• अंकेक्षक: 198 पद
• आशुलिपिक: 7 पद
• निम्नवर्गीय लिपिक: 257 पद
• कार्यालय परिचारी: 90 पद
कई पदों के लिए जल्द ही विज्ञापन जारी होने वाला है। वहीं 69वीं BPSC से चयनित 5 सहायक निबंधकों को प्रशिक्षण के लिए बिपार्ड, गया भेजा जा रहा है।
सरकार का लक्ष्य—रोजगार और विकास एक साथ
सरकार का दावा है कि उद्योग विभाग के निवेश और सहकारिता विभाग की भर्ती प्रक्रिया के बाद राज्य में रोजगार की बड़ी संभावनाएँ खुलेंगी। दोनों विभागों की गतिविधियाँ यह दिखाती हैं कि अगले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में नई वैकेंसी निकल सकती है।







