CO ट्रांसफर विवाद पर मंत्री दिलीप जायसवाल का पलटवार, बोले- आरोप बेबुनियाद, जांच में दोषी मिले तो होंगे निलंबित
Bihar news: अंचलाधिकारियों (CO) के तबादले और पोस्टिंग को लेकर सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट पर बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि उनकी छवि को ऐसे आरोपों से नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता।
‘ईमानदारी पर जनता को पूरा भरोसा’
मंत्री ने कहा कि उनकी ईमानदारी किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि जब लोग अपने मां-बाप तक पर आरोप लगाने से नहीं चूकते, तो उनके खिलाफ आरोप लगना कोई बड़ी बात नहीं है। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता उनकी निष्ठा और ईमानदारी को अच्छी तरह जानती है।
पालीगंज CO के मामले पर दी सफाई
पालीगंज के CO के तबादले को लेकर उठे सवालों पर जायसवाल ने कहा कि अधिकारी का तबादला किया गया था, लेकिन उनके जिम्मे कुछ महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य अभी लंबित थे। इन्हें पूरा कराने के लिए उन्हें वहीं से दूसरे स्थान पर पदस्थ किया गया है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि इसका मतलब अधिकारी को किसी तरह की राहत देना नहीं है। उनके खिलाफ विभागीय जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
जांच में दोषी मिले तो निलंबन तय
दिलीप जायसवाल ने कहा कि लंबित कार्य पूरा होने के बाद अधिकारी को शिवहर वापस भेजा जाएगा। वहीं, जांच में यदि आरोप सही पाए गए और अधिकारी दोषी मिले तो उनके खिलाफ तत्काल निलंबन समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।







