Newshaat_Logo

खेलो इंडिया कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री लखेंद्र पासवान, बच्चों का बढ़ाया उत्साह

 
खेलो इंडिया कार्यक्रम में पहुंचे मंत्री लखेंद्र पासवान, बच्चों का बढ़ाया उत्साह

Bihar news: जंदाहा प्रखंड के लोमा स्थित बेस्ट मॉडल पब्लिक स्कूल में आयोजित खेलो इंडिया कार्यक्रम में बिहार सरकार के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री लखेंद्र पासवान शामिल हुए। अपने गृह पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और विभिन्न खेल गतिविधियों में उनकी भागीदारी को करीब से देखा।

मंत्री ने खेल प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे बच्चों की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है। खेलों से बच्चों में शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व का गुण विकसित होता है।

गांवों की प्रतिभाओं को मिले अवसर

लखेंद्र पासवान ने कहा कि बिहार के ग्रामीण इलाकों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर मंच और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने में मददगार साबित हो सकते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे खेलो इंडिया अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि इस पहल के माध्यम से देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बच्चों की भागीदारी ने बढ़ाया उत्साह

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों के उत्साह और खेल के प्रति उनकी रुचि को देखकर मंत्री ने उनकी सराहना की और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे।