टेंडर किंग रिशु श्री मामले पर मंत्री सुनील कुमार का बड़ा बयान, बोले- “दोषी कोई भी हो, कानून से नहीं बचेगा”
मंत्री ने बताया कि इस मामले में रिशु श्री की गिरफ्तारी हो चुकी है, वहीं जांच के दौरान दो अधिकारियों को भी निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि विशेष निगरानी इकाई और अन्य एजेंसियां साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही हैं और जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, आगे की कार्रवाई भी उसी हिसाब से की जाएगी।
विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील कुमार ने कहा कि आरोप लगाना विपक्ष का काम है, लेकिन बिहार सरकार भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
मंत्री ने दो टूक कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। अगर जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
गौरतलब है कि रिशु श्री पर सरकारी टेंडरों में गड़बड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध संपत्ति बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि सरकारी ठेके हासिल करने के लिए अधिकारियों को प्रभावित करने और भ्रष्ट तरीके से फायदा उठाने की कोशिश की गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई प्रभावशाली लोगों और अधिकारियों के कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पूरे बिहार की नजर इस केस पर टिकी हुई है और अब सभी को जांच एजेंसियों की अगली बड़ी कार्रवाई का इंतजार है।







