मीराबाई चानू के गोल्ड, राजा मुथुपंडी के सिल्वर और वैभव सूर्यवंशी के ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ बनने पर सभापति ने दी बधाई
Bihar news: बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाली स्टार वेटलिफ्टर और ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई दी है। इसके साथ ही उन्होंने राजा मुथुपंडी के सिल्वर मेडल जीतने पर भी शुभकामनाएं दीं।
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि से पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है। खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
वहीं, बिहार के युवा प्रतिभावान क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को जिंबॉब्वे के खिलाफ दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुने जाने पर भी सभापति ने बधाई दी।
उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपने असाधारण प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को प्रभावित किया है। उनकी प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन ने बिहार के साथ-साथ पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने वैभव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि युवा खिलाड़ी इसी तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करते रहें।







