मॉडर्न यूथ स्किल लॉन्च: बिहार को 15% ग्रोथ के मिशन पर ले जाने का संकल्प, युवाओं में नई ऊर्जा
Patna News: राजधानी पटना में आयोजित ‘मॉडर्न यूथ स्किल’ स्टार्टअप के शुभारंभ कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी मंच से ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान से जुड़े संदेश साझा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार तय करेगी कि 2047 का भारत कितना विकसित होगा।
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता ने बताया कि भारत की कुल 14 करोड़ आबादी में से करीब 9 करोड़ युवा 30 वर्ष से कम हैं, लेकिन देश में सबसे कम प्रति व्यक्ति आय का बोझ बिहार उठाता है। ऐसे में विकसित भारत की नींव तभी मजबूत होगी जब बिहार तेजी से और व्यापक रूप से विकसित हो।
“2047 का लक्ष्य: एक ऐसा बिहार जहां शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के लिए बाहर न जाना पड़े”
कार्यक्रम में कहा गया कि बिहार को आने वाले दो दशकों में अन्य राज्यों की बराबरी करने और 2047 तक उनसे आगे निकलने के लिए कम-से-कम 15% की वार्षिक वृद्धि दर हासिल करनी होगी।
वक्ताओं ने जोर देकर कहा- “विकसित बिहार के निर्माण के लिए जाति, संप्रदाय, लिंग और विचारधारा से ऊपर उठकर एकजुट प्रयास करना होगा। हर बिहारवासी शिक्षित और स्किल्ड हो- यही असली परिवर्तन की शुरुआत है।”
2.55 लाख से ज्यादा लोग सीधे जुड़े, सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव की दिशा में अभियान तेज
‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के अंतर्गत अब तक 2,55,000 से अधिक व्यक्ति सीधे तौर पर जुड़ चुके हैं और विभिन्न अध्यायों के माध्यम से सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक बदलाव का नेतृत्व कर रहे हैं।
कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि-
• बिहार में शिक्षा और उद्यमिता की क्रांति लाने की जरूरत है।
• हर युवा को पहले मेहनत कर सफल होने का संकल्प लेना चाहिए।
• और सफलता के बाद राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।
वक्ताओं ने याद दिलाया कि हमारे पूर्वजों ने उस समय दुनिया के प्रमुख विश्वविद्यालय और विशाल साम्राज्य खड़े किए थे, जब न आधुनिक तकनीक थी और न संसाधन। “वंशज हम वही हैं-इसलिए सफलता असंभव नहीं। यात्रा जारी है, बस संकल्प और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है।”







